logo

जल्द हो सकती है झारखंड में बेशकीमती पन्ना की माइनिंग, 10 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

जल्द हो सकती है झारखंड में बेशकीमती पन्ना की माइनिंग, 10 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार

द फॉलोअप टीम, रांची:

राज्य के लोगों के लिए खुशी की खबर है। झारखंड में फिर से बेशकीमती पन्ना की खदान की नीलामी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि मार्च 2022 तक सरकार पन्ना खनिज के दो ब्लाक की ई-नीलामी कर देगी। ऐसे में झारखंड देश का पहला राज्य बन जायेगा, जहां पन्ना की माइनिंग की जाएगी। जिससे कम तो 10 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।  बता दें कि झारखंड के अलावा राजस्थान और आंध प्रदेश के कुछ हिस्सों में पन्ना मौजूद है। 

चार सदस्यीय टीम गुड़ाबांदा पहुंची

सरकार ने कोल्हान के पूर्वी सिंहभूम जिला के गुड़ाबांदा में दूसरे खनिज ब्लॉक का जी-4 स्तर का भूतात्विक अन्वेषण का कार्य दोबारा शुरू किया है। इस बार भूतत्व विभाग की टीम ने पन्ना अयस्क से भरपूर बहुटिया और चुड़िया पहाड़ को अन्वेषण के लिए चुना है। जंगल इलाके में मौजूद पन्ना की खोज करने के लिए प्रोजेक्ट इंचार्ज ज्योति कुमार सतपथी के नेतृत्व में चार सदस्यीय भूतत्वेताओं की टीम गुड़ाबांदा पहुंच गयी है। टीम में भूतत्वेता अवनीश सिंह, सरवेश और संजीव कुमार शामिल हैं। टीम पूरे जनवरी माह में इस इलाके में घूम-घूमकर ड्रोन सर्वे, टोपोग्राफी मैपिंग, जियोलाजिकल मैपिंग के साथ-साथ नमूना संग्रहण का काम करेगी।

 

दो ब्लॉक नीलाम करने का प्रयास
 
भूतत्व निदेशायलय, रांची के निदेशक विजय कुमार ओझा बताते हैं, गुड़ाबांदा प्रखंड के बहुटिया व चुड़ियापहाड़ क्षेत्र में पन्ना खनिज का जी-4 स्तर का भूतात्विक अन्वेषण हमारे भूतत्ववेताओं की टीम ने 7 जनवरी से शुरू किया है। अन्वेषण में में कम से कम 15 दिन और अधिकतम एक माह का समय लगेगा। हमारी कोशिश है कि मार्च 2022 तक पन्ना के दो ब्लाक नीलाम कर दिये जायें।